फाउंडेशन कोर्स के प्रशिक्षु अधिकारी कोडरमा पहुंचे, उपायुक्त ने किया स्वागत

कोडरमा। लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी द्वारा संचालित फील्ड स्टडी एंड रिसर्च प्रोग्राम के अंतर्गत 100वें फाउंडेशन कोर्स के प्रशिक्षु अधिकारी सोमवार को कोडरमा जिला पहुंचे। उपायुक्त ऋतुराज ने जिला प्रशासन की ओर से सभी अधिकारी प्रशिक्षुओं का हार्दिक स्वागत किया। इस अवसर पर उपायुक्त की अध्यक्षता में एक परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जिले में संचालित प्रमुख योजनाओं, विकासात्मक गतिविधियों एवं जनकल्याण कार्यक्रमों की जानकारी दी गई, जिससे अधिकारी प्रशिक्षु अपने फील्ड स्टडी एवं रिसर्च कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कर सकें।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने जिले के प्रशासनिक ढांचे, स्थानीय संसाधनों, सामाजिक-आर्थिक स्थिति तथा योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उपायुक्त ने प्रशिक्षुओं को जिले की प्रशासनिक व्यवस्था एवं चुनौतियों से अवगत कराते हुए उन्हें फील्ड अध्ययन के दौरान व्यवहारिक अनुभव प्राप्त करने हेतु प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, उप विकास आयुक्त रवि जैन, अनुमंडल पदाधिकारी रिया सिंह, अपर समाहर्ता पूनम कुजूर, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप कुमार शुक्ला, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ओम प्रकाश मंडल सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


