NSS शिविर के 5वें दिन भोटोटोला में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों ग्रामीणों ने कराई जांच

साहिबगंज: मॉडल कॉलेज, राजमहल की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई–1 एवं इकाई–2 द्वारा गोद लिए गए ग्राम सालबनी एवं भोटोटोला में चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन भोटोटोला स्थित प्राथमिक विद्यालय में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह की उपस्थिति में हुआ।
शिविर में सालबनी, लोगाई, खैरबन्नी सहित आस-पास के गांवों के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कराई। चिकित्सा दल ने लोगों की बीपी, शुगर, खून की जांच सहित आम बीमारियों की जांच की और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। साथ ही मरीजों के बीच आवश्यक निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
शिविर का नेतृत्व डॉ. अभिषेक पाठक ने किया। राजमहल स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में चिकित्सा दल की टीम मौजूद रही। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, समन्वय, त्याग, अनुशासन, एकता, सद्भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने चिकित्सा दल को डायरी एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया और उनके सहयोग के लिए आभार जताया।
उन्होंने राजमहल स्वास्थ्य विभाग का विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि विभाग के सहयोग से इस प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
शिविर को सफल बनाने में एमएसएस स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रही। स्वयंसेवकों ने शिविर से पहले घर-घर जाकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित किया। यह कार्यक्रम एमएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रमजान अली एवं डॉ. अमित कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शिविर में भोटोटोला स्कूल के प्रधानाचार्य, बड़ी संख्या में एमएसएस स्वयंसेवकों एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।


