‘अब रात भी सुरक्षित’! गिरिडीह में महिलाओं की सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरी ‘महिला शक्ति’

गिरिडीह: “अंधेरा होने पर घर लौटने का डर अब खत्म।” गिरिडीह पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए मंगलवार को ‘महिला शक्ति पेट्रोलिंग’ का आगाज कर दिया। ठीक 11:30 बजे महिला थाना परिसर से पुलिस अधीक्षक ने स्कूटी पर सवार महिला पुलिसकर्मियों के दस्ते को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। झारखंड सरकार और झारखंड पुलिस की इस संयुक्त पहल से शहर की लड़कियों और महिलाओं में सुरक्षा का नया भरोसा जगा है।
‘आपकी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी’
‘महिला शक्ति पेट्रोलिंग’ दस्ता खासकर शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक शहर में गश्त करेगा। कॉलेज रोड, टावर चौक, बस स्टैंड, मकतपुर, बोड़ो और सभी कोचिंग हब इसके रूट में शामिल हैं। दस्ते का फोकस छेड़छाड़, कमेंटबाजी, चेन स्नैचिंग और नशे में हुड़दंग करने वालों पर रहेगा। पोस्टर में साफ लिखा है – “महिला सुरक्षा हमारा लक्ष्य”।
‘शक्ति’ का मतलब है साथ
पोस्टर में बने ‘Shakti’ लोगो में चार रंगों के हाथ एक-दूसरे को थामे हुए हैं। यह पुलिस और जनता के बीच भरोसे का प्रतीक है। हर स्कूटी पर 112 इमरजेंसी नंबर और ‘शक्ति’ का लोगो लगा है, ताकि पीड़ित तुरंत पहचान सके।
इन नंबरों पर मिलेगी तुरंत मदद
गिरिडीह पुलिस ने अपील की है कि किसी भी परेशानी में महिलाएं बिना डरे इन नंबरों पर कॉल करें :
- जिला नियंत्रण कक्ष : 9693143157
- महिला थाना प्रभारी : 7004600072
- आपातकालीन सहायता : 112
एसपी बोले – ‘अब रिएक्शन नहीं, एक्शन होगा’
शुभारंभ के मौके पर एसपी ने कहा, “पहले शिकायत आती थी, फिर पुलिस जाती थी। अब पुलिस पहले से सड़क पर होगी। सर जेसी बोस स्कूल के पास पुलिस सहायता केंद्र खोलने के बाद यह दूसरा बड़ा कदम है। हमारी वर्दी वाली बहनें हर बेटी की हिफाजत करेंगी। मनचलों को सुधरने का मौका दे रहे हैं, वरना सीधा जेल जाएंगे।”


