Sahebganj News : उधवा-केलाबाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा, टेंपो गड्ढे में गिरा

साहिबगंज : उधवा-केलाबाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, सड़क के बीचों-बीच एक बड़ा गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया था, जहां न तो कोई बैरिकेट लगाया गया था और न ही किसी प्रकार की चेतावनी बोर्ड या सिग्नल संकेत लगाए गए थे। इसी कारण एक टेंपो अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि टेंपो में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल थे। सभी लोग सुबह-सुबह उधवा से बरहरवा जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुहासा होने के कारण चालक को सड़क पर खोदा गया गड्ढा दिखाई नहीं दिया, जिससे टेंपो सीधे गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
ग्रामीणों का कहना था कि सड़क निर्माण या मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा के उचित इंतजाम नहीं किए गए, जिसके कारण यह हादसा हुआ। लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। वहीं, प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।


