Koderma News: विधायक का अल्टीमेटम, नेहा राज हत्याकांड का जल्द हो उद्भेदन, डॉ. नीरा यादव ने दी पुलिस को चेतावनी

कोडरमा: जिले में इन दिनों अपराधी हावी हैं, आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। पुलिस प्रशासन को गंभीरता से हत्या और अन्य आपराधिक मामलों का उद्भेदन करना चाहिए। कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव ने झुमरीतिलैया के मिटको कॉलोनी में महिला नेहा राज की दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद उनके परिजनों से मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि इस मामले का पुलिस प्रशासन को जल्द उद्भेदन करना चाहिए और जो भी अपराधी हैं उन्हें गिरफ्तार करना चाहिए। कई अन्य मामलों की चर्चा करते हुए उन्होंने पत्रकारों से कहा कि हाल के दिनों में कोडरमा जिले के विभिन्न इलाकों में आपराधिक मामलों में काफी बढ़ोतरी हुई है। हत्या के साथ छिनतई, चोरी, साइबर फ्रॉड और अन्य अपराध बढ़े हैं।
इस पर पुलिस प्रशासन को अंकुश लगाने की जरूरत है ताकि लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास कायम रहे। उन्होंने बताया कि वे उच्चाधिकारियों से मिलकर कोडरमा जिले में बढ़े अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न चौक चौराहों पर सीसीटीवी, नियमित गश्त लगाने और अन्य उन्नत तकनीक का उपयोग करने की मांग करेंगी।


