साहिबगंज में नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, 60.65% मतदान

साहिबगंज : नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के तहत सोमवार को संपन्न हुए मतदान के संबंध में निर्वाची पदाधिकारी (अध्यक्ष), नगर परिषद साहिबगंज सह अपर समाहर्ता साहिबगंज गौतम कुमार भगत द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने जानकारी दी कि साहिबगंज नगर परिषद, राजमहल नगर पंचायत एवं बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशासन द्वारा की गई व्यापक एवं सुदृढ़ व्यवस्थाओं के कारण मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हुई तथा कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। अपराह्न 07:00 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार—
– साहिबगंज नगर परिषद क्षेत्र में कुल मतदान प्रतिशत 60.65% हुआ।
– राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र में कुल मतदान प्रतिशत 68.95% हुआ।
– बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र में कुल मतदान प्रतिशत 75.23% हुआ।
अपर समाहर्ता गौतम भगत ने बताया कि मतदान सामग्री की प्राप्ति हेतु राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, साहिबगंज में संयुक्त रिसीविंग सेंटर स्थापित किया गया, जहाँ तीनों नगर निकायों के लिए पृथक-पृथक टेबल की व्यवस्था की गई थी। साथ ही, सुरक्षित स्ट्रॉन्ग रूम की समुचित व्यवस्था की गई है, जहाँ निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप मतदान सामग्री सुरक्षित रखी गई। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज साहिबगंज में मतदान सामग्री प्राप्ति के लिए साहिबगंज नगर परिषद क्षेत्र के लिए कुल आठ टेबल, राजमहल नगर पंचायत के लिए कुल चार टेबल एवं बरहरवा नगर पंचायत के लिए कुल चार टेबल बनाए गए हैं।
मतदान सामग्री सुरक्षित रखने के लिए नगर परिषद क्षेत्र के लिए कुल दो, राजमहल नगर पंचायत के लिए कुल एक एवं बरहरवा नगर पंचायत के लिए कुल एक स्ट्रॉन्ग रूम बनाए गए हैं। गौतम भगत ने बताया कि संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जा रही है।
उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सेक्टर पदाधिकारियों, मतदान कर्मियों एवं मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ करने में सभी की सहभागिता सराहनीय रही है।


