साहिबगंज नगर परिषद कर्मियों की हड़ताल खत्म, प्रशासन ने मानीं पांचों मांगें

साहिबगंज झारखंड लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन महासंघ के बैनर तले पांच सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए साहिबगंज नगर परिषद के करीब 130 कर्मियों ने प्रशासन के साथ सफल वार्ता के बाद हड़ताल समाप्त कर दी है।

साहिबगंज: अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर झारखंड लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन महासंघ के बैनर तले गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए नगर परिषद के करीब 130 कर्मियों ने वार्ता के बाद हड़ताल समाप्ति की घोषणा कर दी है। 10 जुलाई, शुक्रवार से सभी दैनिक सफाई कर्मी व कार्यालय कर्मी काम पर लौट आए।

 उल्लेखनीय है कि नगर परिषद कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शिव हरि के नेतृत्व में कर्मियों ने नगर परिषद कार्यालय के समीप 5 सूत्री मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। शिव हरि ने कहा था कि मांगें पूरी नहीं होने तक हड़ताल जारी रहेगी और कोई भी सफाई या कार्यालय  का कार्य नहीं होगा।

गुरुवार को ही नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह और अध्यक्ष रामनाथ पासवान धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने कर्मियों के साथ एक-एक मांग पर चर्चा की और जल्द समाधान का लिखित आश्वासन दिया। कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि अब हर महीने की 10 तारीख को सभी कर्मियों का मानदेय भुगतान कर दिया जाएगा। अन्य मांगों को भी मान लिया गया है।

नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने कर्मियों की मांगों को जायज बताते हुए पूर्ण समर्थन दिया। उन्होंने उपायुक्त दीपक दुबे से मिलकर भी कर्मियों की मांगें पूरी कराने की बात रखी।
झारखंड लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन महासंघ के महामंत्री अनुप लाल हरि ने बताया कि अध्यक्ष और ईओ ने पांचों मांगों को लिखित में मान लिया है, जिसके बाद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया। रामनाथ पासवान ने कहा कि कर्मचारियों को उनके हक की सभी सरकारी सुविधाएं मिलनी चाहिए। कर्मियों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं होगा।

धरना में राकेश पासवान, आयुष कुमार, केशो हरि, कन्हाई राउत, अजय कुमार हरि, किशन हरि, मो. जाहिद, विनय हरि, मुन्ना सिन्हा, राजेश हरि, मंगल हरिजन, बदरी हरि, राजू हरि, प्रभु कुमार हरि, मो. मंसूर अंसारी, मनोज सिन्हा, रीता देवी, नरेश मलिक, सुगना देवी, चंचला देवी सहित बड़ी संख्या में कर्मी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More