चास नगर निगम चुनाव: डीईओ सह डीसी अजय नाथ झा ने निर्वाची पदाधिकारी कार्यालय का किया निरीक्षण, तैयारियों की समीक्षा

बोकारो: शुक्रवार को और जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने चास नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत निर्वाची पदाधिकारी कार्यालय (अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आगामी चुनाव को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
डीईओ सह डीसी ने नाम वापसी की प्रक्रिया के संबंध में संबंधित सभी निर्वाची पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा सभी कार्यों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव चिन्ह आवंटन को लेकर की जा रही तैयारियों की भी जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगर पालिका सह उपायुक्त ने निर्वाचन कार्य में लगे पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सुनिश्चित करने हेतु सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


