बड़ा साइबर फ्रॉड: डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के नाम से बना फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट, पैसे मांगने का आरोप

मेदिनीनगर: उपायुक्त (डीसी) सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जीवाड़ा करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। कुछ अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा उपायुक्त के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर ‘IAS Dilip Pratap singh Shekhawat’ नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट (Fake Instagram Profile) बनाया गया है। इस फर्जी प्रोफाइल के जरिए लोगों को गुमराह करने और पैसे मांगने की कोशिश की जा रही है।
अधिकारियों और आम नागरिकों को भेजे जा रहे हैं संदेश
जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति (संख्या: 50/05-2026) के अनुसार, इस फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से जिले के कुछ प्रशासनिक पदाधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को संदेश (Messages) भेजे जा रहे हैं। इन संदेशों के जरिए साइबर अपराधी लोगों को झांसे में लेकर आर्थिक ठगी को अंजाम देने की फिराक में हैं।
पलामू जिला प्रशासन की अपील: रहें बेहद सतर्क
मामला संज्ञान में आने के बाद जिला प्रशासन और उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने पलामू के सभी नागरिकों और अधिकारियों से बेहद सतर्क रहने की अपील की है।
प्रशासन द्वारा जारी मुख्य हिदायतें:
संदिग्ध संदेशों पर भरोसा न करें: किसी भी ऐसे व्हाट्सएप, फेसबुक या इंस्टाग्राम संदेश पर आंख मूंदकर विश्वास न करें, जिसमें जिला प्रशासन या उपायुक्त के नाम का हवाला देकर कोई मांग की गई हो।
गोपनीय जानकारी न बदलें: किसी भी अनजान या संदिग्ध अकाउंट के साथ अपनी व्यक्तिगत, बैंक संबंधी या आर्थिक जानकारी साझा न करें। सत्यता की जांच करें: यदि उपायुक्त या किसी वरिष्ठ अधिकारी के नाम से कोई संदिग्ध मैसेज आता है, तो उसकी सत्यता की पुष्टि सीधे संबंधित सरकारी कार्यालय से जरूर कर लें।
साइबर अपराधियों के इस नेटवर्क का पता लगाने और इस फर्जी अकाउंट को बंद कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से पैनिक न होने और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने को कहा है।


