वर्ल्ड अर्थ डे पर साहिबगंज में बड़ा जागरूकता अभियान, “स्वच्छ पर्यावरण” का संकल्प

वर्ल्ड अर्थ डे के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पीएलवी न्याय मित्रों ने पंचायतों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर “स्वच्छ पर्यावरण—सुरक्षित जीवन” का संदेश दिया।

साहिबगंज:  झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन में आज, वर्ल्ड अर्थ डे के अवसर पर पूरे जिले में पीएलवी — न्याय मित्रों द्वारा सघन एवं प्रभावशाली जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों , स्कूल, कॉलेजों एवं बाजार क्षेत्रों में जागरूकता की गईं, जहाँ “स्वच्छ पर्यावरण—सुरक्षित जीवन” जैसे संदेशों के साथ लोगों को प्रेरित किया गया। बैनर, पोस्टर और जनसंवाद के माध्यम से आमजन तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुँचाया गया।

इस अवसर पर प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण न केवल एक अधिकार है, बल्कि यह हमारे अस्तित्व की बुनियाद भी है। उन्होंने कहा कि यदि आज हम प्रकृति के प्रति जिम्मेदार नहीं बने, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। इसके अतिरिक्त, नालसा की हेल्पलाइन संख्या 15100 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया, ताकि पर्यावरण से जुड़े किसी भी अधिकार हनन या सहायता की आवश्यकता होने पर लोग तुरंत संपर्क कर सकें।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुँचाना तथा उन्हें उनके विधिक अधिकारों के प्रति सजग बनाना है। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और “स्वच्छ एवं हरित साहिबगंज” के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। यह पहल न केवल जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हुई, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को भी सुदृढ़ करने में सफल रही।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More