बाघमारा में कोयला माफिया के खिलाफ बड़ा एक्शन: सीआईएसएफ और बीसीसीएल प्रबंधन ने भरे कई अवैध मुहाने

बाघमारा: कोयला चोरी और अवैध कारोबार पर लगाम लगाने को लेकर सीआईएसएफ बीसीसीएल प्रबंधन ने रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाया। बीसीसीएल एरिया-4 अंतर्गत रामकनाली ओपी क्षेत्र में क्षेत्रीय प्रबंधन सीआईएसएफ तथा स्थानीय पुलिस कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में उपयोग किए जा रहे कई अवैध मुहानों की भराई कराई। बताया जाता है कि इन मुहानों के जरिए लंबे समय से अवैध रूप से कोयला निकाला जा रहा था।
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों की मौजूदगी से इलाके में हड़कंप मच गया। वही दूसरी ओर बीसीसीएल ब्लॉक-2 क्षेत्र स्थित अंबे माइनिंग आउटसोर्सिंग परियोजना के समीप सीआईएसएफ की टीम ने गश्ती के दौरान अवैध कोयला लदी दो बाइक जब्त की। दोनों बाइक पर बोरे में कोयला लादकर ले जाया जा रहा था। सीआईएसएफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाइक को कब्जे में लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए बाघमारा पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा जब्त वाहनों के आधार पर अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि कोयला चोरी के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।


