लुभा रहा पलाश फूल

मिंकु कुमार @समृद्ध झारखण्ड


हीरोडीह (गिरिडीह): कहा जाता है कि पलाश के बगैर ऋतुराज बसंत की छटा पूर्ण नहीं होता। यदि बसंत कामदेव का सहायक है तो पलाश के फूल बसंत का श्रृंगार है। दीपक की लौ के समान इनके फूल दूर से ही दमकते हैं। पुराने समय में पलास के फूलों से होली खेलने की परपंरा थी। पिछले दो दशक से लोगों पर आधुनिकता का रंग ऐसा चढ़ा कि लोग अपनी पहले की परंपरा और मान्यताओं को रूढ़ि वादिता के नाम पर उसे भूलते जा रहे हैं।


इन दिनों जिले में हर ओर पलास के पौधों में सुंदर फूल नजर आ रहे हैं। पहले पलास के फूलों से बने रंग से होली खेलने का चलन था। उसके पीछे यह सोच थी कि ठण्ड के दिनों में शरीर की त्वचा पर जो गन्दगी आदि की परत बैठ जाती थी, पलास के रंग उन त्वचाजन्य कई विकारों को दूर करने में काफी सहायक होती है।


होली पर वनस्पतियों से रंग बनाकर होली खेलने की परपंरा थी।आज वक्त बदला और रासायनिक रंगों ने इनका स्थान ले लिया है। इस समय खेतों और सड़कों के किनारों पर पलास के पेड़ों पर फूल भरपूर मात्रा में नजर आने लगे हैं, जो लोगों के मन को यकायक ही मोह रहे हैं। मान्यता है कि पलास के फूल बसंत के आगमन का संकेत देते हैं। भले ही पलास वृक्ष की लकड़ी की कोई खास अहमियत नहीं हो लेकिन आदिवासी बालाओं के जुड़े में सजनेवाला झारखंड के राजकीय फूल पलास की गरिमा खास है।

पलास फूल का आदिवासी संस्कृति व सभ्यता से भी गहरा लगाव है। सांस्कृतिक कार्यक्रम समेत विभिन्न आयोजनों में भी इस फूल की महत्ता हैं। भारतीय साहित्य और संस्कृति से गहरा संबंध रखने वाले इस वृक्ष का चिकित्सा और स्वास्थ्य से भी गहरा संबंध है। बसंत में खिलना आरंभ करने वाला यह वृक्ष गर्मी की प्रचण्ड तपन में भी अपनी छटा बिखेरता रहता है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More