Koderma News: लाराबाद में तीन दुकानों में चोरी, जेनरेटर का मोटर ले गए चोर
-1024x614.jpg)
कोडरमा: कोडरमा थाना क्षेत्र के लाराबाद में बीती रात चोरों ने एक साथ तीन दुकानों को निशाना बनाकर इलाके में सनसनी फैला दी। चोरी की इस घटना में करीब डेढ़ लाख रुपये के सामान के नुकसान का अनुमान है। चोरों ने खास तौर पर छोटेलाल विश्वकर्मा की वेल्डिंग दुकान में सेंधमारी कर जेनरेटर का मोटर समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।
सुबह लोगों ने दुकान का ताला टूटा देखा, जिसके बाद दुकान संचालक को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे छोटेलाल विश्वकर्मा ने देखा कि चोर दीवार काटकर दुकान के अंदर घुसे थे। आसपास की दुकानों की जांच करने पर दो अन्य दुकानों में भी चोरी की जानकारी सामने आई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बताया गया कि छोटेलाल विश्वकर्मा की दुकान में दूसरी बार चोरी हुई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों में नाराजगी और भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस से रात में गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
इधर, कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। चोरी का शीघ्र उद्भेदन करने और संलिप्त लोगों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस प्रयासरत है।


