1.71 लाख महिलाओं के खातों में पहुंची मंईयां सम्मान योजना की जुलाई की किस्त

साहिबगंज: झारखंड सरकार की “मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना” के तहत जिले की पात्र महिलाओं को एक और बड़ी राहत मिली है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के जुलाई माह की सम्मान राशि सीधे लाभुकों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी गई है। जिला प्रशासन के अनुसार, साहिबगंज जिले की 1,71,156 पात्र महिलाओं को डीबीतो के जरिए जुलाई 2026 की किस्त भेजी गई है। प्रत्येक महिला को ₹2,500 की सम्मान राशि मिली है। योजना के लिए कुल ₹42 करोड़ 78 लाख 97 हजार 500 की राशि जारी की गई है।
जिला प्रशासन ने कहा कि योजना का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है, ताकि हर पात्र महिला को समय पर लाभ मिल सके। मंईयां सम्मान योजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
साथ ही “मुख्यमंत्री राज्य HIV/एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायार्थ पेंशन योजना” के लाभुकों को भी राहत दी गई है। जिले के 191 पात्र लाभुकों के खातों में अप्रैल से जुलाई 2026 तक की 4 महीने की पेंशन भेजी गई है। प्रत्येक लाभुक को ₹1,000 प्रति माह की दर से कुल ₹4,000 की सहायता राशि दी गई है। इस मद में कुल ₹7 लाख 96 हजार DBT के माध्यम से हस्तांतरित किए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी लाभुकों से अपने बैंक खाते चेक करने की अपील की है। अगर किसी के खाते में राशि नहीं पहुंची है तो वे अपने संबंधित प्रखंड कार्यालय से संपर्क कर सहायता ले सकते हैं।


