कांग्रेस प्रत्याशी गोपाल साहू के कमरे से 16.05 लाख जब्त

स्टेट ब्यूरो: झारखंड में हजारीबाग लोकसभा सीट के कांग्रेस प्रत्याशी गोपाल साहू के नाम से होटल में बुक कमरे से सोमवार तड़के आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी कर 16 लाख 5 हजार रुपये जब्त किये हैं। होटल एके इंटरनेशनल में छापेमारी के दौरान डीडीसी विजया जाधव, व्यय पर्यवेक्षक सहित एसडीओ मेघा भारद्वाज मौजूद थीं। बाद में हजारीबाग के डीडीसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी पुष्टि करते हुये बताया कि एक बड़े राजनीतिक दल के लोग होटल में ठहरे थे व चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए रुपये बांट रहे थे।
गुप्स सूचना के आधार पर हुई छापेमारी के दौरान होटल में ठहरे नेता वहां से भाग गये। डीडीसी ने बताया कि उनकी धर-पकड़ के लिए छापेमारी चल रही है। गौरतलब हो कि राज्य में एक बड़े व्यावसायिक घराने से जुड़े गोपाल साहू को इस बार कांग्रेस ने हजारीबाग में केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत सिन्हा के खिलाफ मैदान में उतारा है। गोपाल साहू के नाम पर हजारीबाग के एके इंटरनेशनल में अलग-अलग चार कमरे बुक हैं। हजारीबाग लोकसभा सीट के लिए छह मई को वोट डाले जाएंगे व चुनाव प्रचार सवाब पर है। बताते चलें कि भारत निर्वाचन आयोग मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए धन-बल के इस्तेमाल पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा है। चुनाव की घोषणा के बाद से अब तक राज्य में 2 करोड़ 86 लाख 54 हजार नकद जब्त किये जा चुके हैं।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More