Koderma News: महिलाओं के हुनर को मिला मंच, DC ऋतुराज ने जूट केंद्र का किया निरीक्षण

कोडरमा में उपायुक्त ऋतुराज ने मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड द्वारा संचालित जूट हस्तशिल्प केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की गुणवत्ता, डिजाइन और विविधता का अवलोकन करते हुए उनकी सराहना की।

कोडरमा: मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड द्वारा प्रायोजित सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन योजना के अंतर्गत संचालित जुट हस्तशिल्प केंद्र का निरीक्षण आज कोडरमा जिला के उपायुक्त ऋतुराज द्वारा किया गया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ऋतुराज ने महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की गुणवत्ता, डिजाइन एवं विविधता का अवलोकन किया और उनके कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्थानीय शिल्पकारों की प्रतिभा को उचित मंच एवं बाजार उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इसी क्रम में उन्होंने संबंधित विभाग को तिलैया बाजार में जूट उत्पादों के लिए एक स्थायी मार्केटिंग प्लेस उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि इन उत्पादों को व्यापक पहचान मिल सके। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों एवं आयोजनों में स्थानीय शिल्पकारों द्वारा निर्मित उत्पादों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे न केवल स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि वोकल फॉर लोकल की अवधारणा को भी बल मिलेगा।

भ्रमण के पश्चात उपायुक्त ने झुमरीतिलैया नगरपालिका क्षेत्र अंतर्गत बिरसा हुनर केंद्र में जुट क्राफ्ट का एक और यूनिट स्थापित करने का निर्देश दिया, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के जिला उद्यमी समन्वयक अघनु उरांव, महिला विकास समिति की सचिव मनिषा झा, प्रखंड उद्यमी समन्वयक कोडरमा अविनाश मिश्रा, अभिषेक कुमार (चंदवारा), आशुतोष कुमार सिन्हा (डोमचांच) सहित केंद्र से जुड़ी महिला शिल्पकार राधा देवी, गीता देवी, पूनम देवी, पल्लवी देवी एवं अन्य उपस्थित थीं।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More