Koderma News: समाहरणालय में पलाश मार्ट कैनोपी स्टॉल का आगाज, बिरसा हरित ग्राम योजना के आमों की मची धूम

कोडरमा: जिला समाहरणालय परिसर, कोडरमा में पलाश मार्ट कैनोपी के अंतर्गत स्टॉल लगाया गया, जिसमें बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत उत्पादित आमों की बिक्री की गई। इस स्टॉल में मुख्य रूप से आम्रपाली किस्म के आम प्रदर्शित किए गए, जिन्हें गढ़ाईनडीह की किसान गजमातीय दीदी द्वारा उत्पादित किया गया था। इस स्टॉल का उद्घाटन उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रवि जैन सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। उद्घाटन के दौरान उपायुक्त ने स्वयं दीदी से आम खरीदकर उनका उत्साहवर्धन किया। वार्तालाप के दौरान उपायुक्त ने दीदी से पिछले वर्ष की आमदनी, आम की किस्मों तथा कितने रकबा में आम का उत्पादन किया गया, इत्यादि विषयों पर जानकारी ली।
इस दौरान उपायुक्त महोदय उत्साहित एवं संतुष्ट दिखे और दीदी के प्रयासों की सराहना की। जिले के सभी प्रखंडों में ऐसे स्टॉल लगाकर बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत उत्पादित आमों की बिक्री पलाश मार्ट कैनोपी के माध्यम से की जा रही है, जो समूह की ग्रामीण महिलाओं एवं किसानों को सशक्त बनाने तथा स्थानीय कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मौके पर डीडीसी रवि जैन सिविल सर्जन डॉक्टर अनिल कुमार जिला टीबी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर रमण कुमार सदर अस्पताल के उपाधिछक डॉक्टर रंजीत कुमार समेत अन्य कई लोग मौजूद थे।


