Koderma News: गुड्स ट्रेन की चपेट में आने से रेलकर्मी की मौत
-1024x614.jpeg)
कोडरमा: धनबाद गया रेलखण्ड स्थित हीरोडीह स्टेशन पर सोमवार की देर शाम रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान एक रेलकर्मी की मौत हो गई। मृतक रेल कर्मी की पहचान जलालपुर, गयाजी निवासी 51 वर्षीय मनोज कुमार (पिता ब्रज किशोर पांडेय) के रूप में की गई है। मृतक धनबाद रेल मंडल में बतौर सीनियर ट्रेन मैनेजर के रूप में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार मनोज कुमार ड्यूटी हेतु सोमवार को कोडरमा से हीरोडीह स्टेशन पहुंचे। जहां से उन्हें कोयले की एक रेक लेकर बांझेडीह पावर प्लांट के लिए रवाना होना था। बांझेडीह रवाना होने से पहले वे स्टेशन से कौशन आदेश लेने गए। वहां से आदेश लेकर वे अपने ड्यूटी के लिए निकले और चूंकि हीरोडीह स्टेशन पर प्लेटफार्म की ऊँचाई काफी कम रहती है, इसलिए वे रेल ट्रैक पार करते हुए ही अपनी गाड़ी की ओर जा रहे थे।
स्टेशन के लूप लाइन में जब वे ट्रैक पार कर रहे थे कि इसी बीच उस ट्रैक से एक मालगाड़ी कम गति से गुजर रही थी। मनोज कुमार की नजर उस पर नहीं पड़ी और ट्रेन ने इन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे ये वहीं पर गिर पड़े और इनके सिर में गंभीर चोटें आईं। इन्हें वहां से उसी ट्रेन के माध्यम से कोडरमा स्टेशन पहुंचाया गया। जहां से इलाज हेतु इन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहां से उनके शव को कोडरमा स्टेशन के जीआरपी पोस्ट पर लाया गया। मृतक मनोज अपने परिवार के साथ झुमरीतिलैया के गांधी स्कूल रोड में रहते थे, उनके परिवार को सूचना देने के बाद वे लोग स्टेशन पहुंचे। इधर देर रात मनोज के शव को सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया गया है, जहां से शव का अंत्यपरीक्षण कर शव को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।


