Koderma News : नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों ने ली शपथ

कोडरमा : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के अंतर्गत नगर परिषद झुमरीतिलैया के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड सदस्यों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम बुधवार को कोडरमा प्रखंड सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश हर्षधर को उनके पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। साथ ही सभी नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों को भी उनके दायित्वों के प्रति अवगत कराया गया।
जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त ऋतुराज ने सभी जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए नगर से जुड़े कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने, शहर के समग्र विकास एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करने का सुझाव दिया। सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों की विस्तार से जानकारी भी दी गई। इस मौके पर अपर समाहर्ता पूनम कुजूर, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रिंस गोडविन कुजूर, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार रवि, अंचल अधिकारी व अन्य मौजूद रहे।
मनोहर राम बने नगर परिषद के उपाध्यक्ष
झुमरीतिलैया नगर परिषद के उपाध्यक्ष के रूप में मनोहर राम निर्वाचित हुए हैं। बुधवार को वे निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए। उनके निर्विरोध उपाध्यक्ष बनने पर अध्यक्ष रमेश हर्षधर और सभी वार्ड पार्षदों ने बधाई दी।


