Koderma News: मेरिडियन अकादमी में श्रद्धा और साहित्य का संगम, धूमधाम से मनाई गई तुलसीदास जयंती

कोडरमा : मेरिडियन अकादमी में बुधवार को महान संत, कवि एवं रामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को तुलसीदास जी के जीवन, साहित्यिक योगदान तथा उनके द्वारा दिए गए नैतिक, मानवीय एवं सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ गोस्वामी तुलसीदास जी के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने तुलसीदास जी के जीवन, कृतित्व एवं साहित्यिक योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए तथा उनके साहित्य में निहित आदर्शों और जीवन-मूल्यों को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान अंकित कुमार, वर्ग IX (A), प्रिया कुमारी, वर्ग VIII (B), कंचन कुमारी, वर्ग VIII (A), खुशबू कुमारी, वर्ग VII एवं श्रिधि बरणवाल, वर्ग VII ने गोस्वामी तुलसीदास जी के जीवन एवं उनकी रचनाओं से संबंधित अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बना दिया।
वक्ताओं ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी ने अपनी रचनाओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति, भक्ति, मर्यादा, सदाचार एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया। उनकी महान कृति रामचरितमानस भारतीय समाज एवं साहित्य को गहराई से प्रभावित करने वाली कालजयी रचना है। भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र के माध्यम से उन्होंने सत्य, कर्तव्य, त्याग, प्रेम, करुणा एवं मर्यादा का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा तुलसीदास जी से जुड़े प्रेरक प्रसंग, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महान व्यक्तित्वों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल उन्हें स्मरण करना नहीं, बल्कि उनके आदर्शों एवं शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करना भी है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार लाहा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तुलसीदास जी की रचनाएँ आज भी हमें संस्कार, अनुशासन, सदाचार एवं मानवीय मूल्यों की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति और महान साहित्यकारों की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन हिंदी शिक्षक विजय मोदी ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रवीण कुमार, राजकुमार शर्मा, आशीष गुप्ता, स्वाति सोनल सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


