Koderma News: खेत में पड़ा मिला रामजी यादव का शव, आत्महत्या या साजिश? जांच में जुटी पुलिस

कोडरमा: कोडरमा थाना क्षेत्र के तिलैया-जयनगर मुख्य मार्ग स्थित लाराबाद के पास एक ढाबे के पीछे 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गरहाई निवासी रामजी यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पिपराडीह गांव के कुछ लोग सुबह टहलने के लिए खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में बेसुध अवस्था में पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि व्यक्ति की मौत हो चुकी है। इसके बाद घटना की खबर आसपास के इलाके में तेजी से फैल गई।
ग्रामीणों ने मामले की सूचना कोडरमा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से मृतक की शर्ट, चप्पल, पानी की एक बोतल तथा सल्फास की गोली का एक डिब्बा बरामद हुआ है। मौके से मिले सामान के आधार पर लोगों द्वारा आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
बताया जाता है कि रामजी यादव बालू ढोने वाली गाड़ियों में मजदूरी का काम करते थे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


