Koderma News: ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन ने रेलवे स्टेशन पर मनाया ऐतिहासिक पावर डे

कोडरमा: ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन के तत्वावधान में मंगलवार को कोडरमा स्टेशन पर स्टेशन मैनेजर विकास कुमार की अध्यक्षता में पावर डे मनाया गया। इस अवसर पर 11 अगस्त 1997 को संगठन द्वारा किए गए ऐतिहासिक आंदोलन को याद किया गया। वक्ताओं ने बताया कि उस दिन संगठन के आह्वान पर ट्रेनों को सभी सिग्नलों पर दो मिनट रोककर चलाने का निर्णय लिया गया था।
आंदोलन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले तथा अपना बलिदान देने वाले साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम के दौरान ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन की केंद्रीय कमेटी द्वारा उठाई गई विभिन्न मांगों का समर्थन किया गया। वक्ताओं ने रेल प्रशासन से मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेते हुए उनका समाधान करने का आह्वान किया।
एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में स्टेशन मास्टर कैडर की सभी रिक्तियों को शीघ्र भरना, रेलवे में 12 घंटे की ड्यूटी समाप्त करना, बिना किसी सीलिंग के सभी कर्मचारियों को रात्रि भत्ता देना, आईआरटी, आईडीटी पॉलिसी को सुव्यवस्थित करना तथा आगरा की घटना की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करना शामिल है। इस अवसर पर विकास चंद्र यादव, स्टेशन मैनेजर गझंडी सह मंडल सचिव, एआईएसएमए धनबाद ने पावर डे के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं शंभू शंकर, स्टेशन मैनेजर कोडरमा सह जोनल उपाध्यक्ष, हाजीपुर ने संगठन के विकास और कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
टीआई कोडरमा अरविंद कुमार सुमन ने संगठन की मजबूती और एकजुटता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में अजय कुमार, अंशुमान नंदन, प्रकाश कुमार, सुनील कुमार रजक, कुमार आशुतोष सिन्हा, जितेंद्र कुमार, गणेश कुमार मोदी, संजय कुमार राजन, उमेद्र कुमार, बालमुकुंद कुमार, सुनील कुमार, आर.आर. तिर्की सहित कोडरमा स्टेशन के कई स्टेशन मास्टर उपस्थित रहे।


