Koderma News: भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सफल छात्र छात्राओं को मिला सम्मान

कोडरमा: राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय हेठटोला डोमचांच में आयोजित एक सादे समारोह में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2026 में सफल होने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय हेठटोला डोमचांच की वर्ग पंचम की छात्रा संध्या कुमारी ने इस परीक्षा में कोडरमा जिले में सेकेंड टॉपर होकर अपने विद्यालय एवं डोमचांच का नाम रोशन किया है। शनिवार को विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय की छात्रा संध्या कुमारी को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं उक्त छात्रा को माल्यार्पण कर एवं तिलक लगाकर विद्यालय की ओर से उसका स्वागत किया गया। वहीं विद्यालय की वर्ग पंचम की ही छात्रा आर्या पांडेय ने भी बेहतर प्रदर्शन कर मेडल प्राप्त करने का गौरव हासिल किया है।
उल्लेखनीय है कि शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में इस विद्यालय से कुल आठ छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था जिनमें विद्यालय के बच्चे आरूषी कुमारी, अंजली कुमारी, संध्या कुमारी, आर्या पांडेय, रिया कुमारी, पल्लवी कुमारी, मधु कुमारी और अनमोल कुमार के नाम शामिल हैं ।सभी बच्चों ने इस परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करते हुए मेडल व प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया। वहीं जिले की सेकेंड टॉपर के रूप में संध्या कुमारी को जिला स्तर पर भी सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालय की इस शानदार सफलता पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजू धोबी ने कहा कि सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बस उन्हें कुशल मार्गदर्शन देते हुए सही दिशा में प्रेषित करने की आवश्यकता है। सरकारी विद्यालय के बच्चे भी सफलता के किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने सभी बच्चों को इससे प्रेरणा लेते हुए ईमानदारी पूर्वक धैर्य और लगन से मेहनत करने की सलाह दी। विद्यालय के बच्चों की इस शानदार सफलता के लिए विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजू धोबी सहायक अध्यापिका कुमारी पूनम, रेखा कुमारी, प्रतिमा कुमारी, मनोरमा कुमारी सहायक अध्यापक नंदकिशोर शर्मा व अंबिका दास तथा कंप्यूटर शिक्षिका सुनैना कुमारी ने बच्चों को बधाई देते हुए उनको उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।


