Koderma News: एसएससी परीक्षा के कारण जगन्नाथ रथयात्रा की तिथि बदली, अब 20 जुलाई को निकलेगी

कोडरमा: झुमरीतिलैया एवं कोडरमा क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए इस्कॉन हज़ारीबाग कोडरमा के को ऑर्डिनेटर डॉ केशव आनन्द दास एवं वीर भ्रद्र दास ने बताया कि जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा की तिथि में परिवर्तन किया गया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह रथयात्रा 19 जुलाई को आयोजित होनी थी, लेकिन उसी दिन होने वाली एसएससी परीक्षा को देखते हुए इसे अब 20 जुलाई को आयोजित किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि 19 जुलाई को एसएससी परीक्षा के कारण शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना थी। परीक्षार्थियों एवं श्रद्धालुओं दोनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसी उद्देश्य से रथयात्रा की तिथि बदलने का निर्णय लिया गया है।
नई तिथि के अनुसार श्री जगन्नाथ महाप्रभु की रथयात्रा 20 जुलाई सोमवार को अपराह्न 3 बजे सुभाष चौक से प्रारंभ होगी। रथयात्रा झंडा चौक होते हुए महाराणा प्रताप चौक से गुजरकर मौसीबाड़ी संकट मोचन मंदिर तक पहुंचेगी। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। रथयात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, हरिनाम संकीर्तन और भक्तिमय वातावरण श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
इस्कॉन हज़ारीबाग कोडरमा की ओर से समस्त श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अपने परिवार, मित्रों एवं शुभचिंतकों के साथ इस पावन रथयात्रा महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर श्री जगन्नाथ महाप्रभु के दिव्य दर्शन करें तथा रथयात्रा का पुण्य लाभ प्राप्त करें। साथ ही आयोजन की सफलता के लिए सभी से सहयोग एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने का भी आग्रह किया गया है।


