Koderma News: सतडीहा में पारिवारिक विवाद से परेशान युवक ने फेसबुक लाइव में किया सुसाइड का प्रयास

कोडरमा के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतडीहा में पारिवारिक विवाद से तंग आकर सदानंद यादव ने फेसबुक लाइव के दौरान आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए कमरे का दरवाजा तोड़कर उसकी जान बचाई, जिसके बाद पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

कोडरमा: जयनगर थाना क्षेत्र के सतडीहा निवासी सदानंद यादव ने फेसबुक पर लाइव वीडियो के दौरान आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि, परिजनों की तत्परता से उसकी जान बच गई। परिजनों ने समय रहते कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। तत्काल उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां उसे खतरे से बाहर बताया गया। जानकारी के अनुसार, सदानंद यादव पिछले करीब एक वर्ष से पारिवारिक विवाद को लेकर परेशान था। 

बताया जा रहा है कि पैतृक घर के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा है। सदानंद का आरोप है कि उसका भाई परमसांद यादव उसे लगातार परेशान करने और जान से मारने की धमकी देता था। सदानंद ने फेसबुक लाइव के दौरान भी अपनी परेशानी का जिक्र करते हुए कहा कि पैतृक घर के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे गंभीर होता गया। उसका आरोप था कि कुछ बाहरी लोग मामले में हस्तक्षेप कर उसके भाई को उसके खिलाफ भड़का रहे हैं। 

विवाद के कारण परिवार में लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई थी।बताया गया कि फेसबुक लाइव के दौरान सदानंद अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। परिजन उसकी लाइव वीडियो देख रहे थे और उसे ऐसा कदम नहीं उठाने के लिए लगातार समझाते रहे। उन्होंने दरवाजा खोलने की भी गुहार लगाई, लेकिन जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने तत्काल दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और उसे नीचे उतारा। 

घटना की सूचना मिलने के बाद जयनगर थाना प्रभारी विकास कुमार, एसआई शमसुद्दीन खान ने उसका हालचाल जाना। थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची थी। उन्होंने बताया कि फिलहाल सदानंद खतरे से बाहर है। थाना प्रभारी ने कहा कि पीड़ित की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। वहीं, पारिवारिक विवाद, भाई पर लगाए गए आरोप तथा फेसबुक लाइव के दौरान हुई घटना को लेकर भी पुलिस सभी पहलुओं पर नजर रख रही है।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More