Koderma News: कुष्ठ रोगी खोज अभियान का द्वितीय चक्र शुरू

कोडरमा: सोमवार को राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत कुष्ठ रोगी खोज अभियान (एलसीडी) के द्वितीय चक्र का शुभारंभ जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. रमण कुमार द्वारा सभी सहिया एवं स्वास्थ्य कर्मियों को कुष्ठ मुक्त कोडरमा का शपथ दिलाकर किया गया। डॉ. रमण कुमार ने बताया कि यह अभियान 9 मार्च से 23 मार्च 2026 तक जिले के कुल 254 गांवों में चलाया जाएगा। इस बार सर्वे उन्हीं गांवों में किया जाएगा जहां पिछले 5 से 7 वर्षों में कुष्ठ के मरीज पाए गए हैं।
सर्वे के लिए प्रत्येक गांव में सहिया की टीम बनाई गई है, जिसमें महिला ग्रामीणों की जांच सहिया द्वारा तथा पुरुषों की जांच पुरुष स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा की जाएगी। वहीं प्रत्येक 5 गांवों पर एक सुपरवाइजर की टीम बनाई गई है, जो अपने अधीनस्थ क्षेत्रों में सर्वे कार्य में सहयोग एवं निरीक्षण करेगी। विदित हो कि एलसीडी अभियान का प्रथम चक्र 10 नवंबर 2025 से 26 नवंबर 2025 तक चलाया गया था, जिसमें कुल 1280 संदेहास्पद व्यक्तियों की पहचान की गई थी। चिकित्सकीय जांच के बाद उनमें से 64 मरीजों में कुष्ठ रोग की पुष्टि हुई थी। डॉ. रमण कुमार ने बताया कि कुष्ठ रोग के संदेहास्पद लक्षण मिलने पर संबंधित व्यक्ति की सूची बनानी है। मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मरकच्चो डॉ. मोनिका मिश्रा, फिजियोथैरेपिस्ट राजीव रंजन, एमपीडब्ल्यू जावेद अंसारी सहित विभिन्न गांवों की सहिया एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।


