Koderma News: बेंदी गांव में नशामुक्ति अभियान, जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने चलाया जागरूकता शिविर

कोडरमा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) कोडरमा के तत्वावधान में बुधवार को चंदवारा प्रखंड के सुदूरवर्ती जंगली क्षेत्र बेंदी गांव में नशामुक्ति अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार रमाकांत मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को नशाखोरी के दुष्प्रभाव, कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार ने कहा कि नशाखोरी समाज के लिए एक गंभीर अभिशाप है, जो परिवार और समाज दोनों को कमजोर बनाती है। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कई लोग अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकार समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
शिविर में एलएडीसीएस के अधिवक्ता नवल किशोर और किरण कुमारी ने बाल विवाह, नशाखोरी और उनके कानूनी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोगों को न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करना प्राधिकार की प्राथमिकता है।
इस दौरान भीषण गर्मी को देखते हुए ग्रामीणों के बीच ओआरएस का वितरण किया गया तथा कानूनी जागरूकता संबंधी पंपलेट भी बांटे गए।
कार्यक्रम में एसोसिएशन फॉर वॉलेंटरी एक्शन एवं जस्ट राइट के मनोज कुमार, अभय कुमार, ढिबरा अभ्रक मजदूर संघ के अध्यक्ष कृष्णा सिंह, न्यायालयकर्मी संतोष कुमार, पीएलवी मंटू कुमार, रोहित बहादुर शाह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


