Koderma News: डोमचांच में 7 किमी पुरुष मैराथन का आयोजन, बनारस के रोहन कुमार रहे प्रथम

कोडरमा: डोमचांच नगर पंचायत क्षेत्र में समाजसेवी संजय मेहता के पुत्र अंशु मेहता के नेतृत्व में 7 किलोमीटर पुरुष मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। रन फॉर योर हेल्थ एंड फ्यूचर थीम पर आयोजित इस मैराथन में झारखंड के अलावा पांच राज्यों से आए धावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बनारस के रोहन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं जमशेदपुर के अर्जुन टुड्डू ने द्वितीय तथा उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी राजकुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
आयोजकों की ओर से विजेता प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले रोहन कुमार को 15 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहे अर्जुन टुड्डू को 10 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले राजकुमार को 5 हजार रुपये की नगद राशि प्रदान की गई। इसके अलावा कई अन्य प्रतिभागियों को भी एक-एक हजार रुपये एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
वही समाज सेवी संजय मेहता ने कहा कि मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस और खेल के प्रति जागरूक करना था। आयोजन के दौरान मंच पर डोमचांच नगर पंचायत के अध्यक्ष उमेश वर्मा उपाध्यक्ष आदर्श कुमार पंकज डोमचांच प्रखंड के प्रमुख सत्यनारायण यादव वरीय समाजसेवी पप्पु मेहता संजय मेहता समेत अन्य कई प्रबुद्ध लोग मौजूद थे। प्रतियोगिता में शामिल धावकों और दर्शकों में पूरे आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।


