Koderma News: बाइक को बचाने के प्रयास में डिवाइडर से टकराई कार, लेकिन सुरक्षित बाहर निकले सभी यात्री

कोडरमा: चंदवारा थाना क्षेत्र में एक ऐसा सड़क हादसा हुआ, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। पुराना थाना के समीप एक तेज रफ्तार कार बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार करीब 15 फीट तक हवा में उछल गई और कई बार पलटने के बाद सड़क किनारे जा गिरी।
घटना को देखने वाले लोगों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों को लगा कि कार में सवार किसी भी व्यक्ति का बचना मुश्किल होगा। लेकिन आश्चर्यजनक रूप से कार में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि कार की रफ्तार थोड़ी और अधिक होती या वाहन किसी अन्य दिशा में गिरता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना को देखने वाले कई लोगों ने इसे किसी चमत्कार से कम नहीं बताया।


