Koderma News: मंजुला शर्मा मेमोरियल एकेडमी डोमचांच में सादगीपूर्ण श्रद्धांजलि सभा आयोजित

कोडरमा: प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी श्रीपति बाबू की धर्मपत्नी जो मंजुला शर्मा मेमोरियल एकेडमी डोमचांच के चेयरमैन डॉ. प्रो. के. पी. शर्मा की पूज्य माता जी थी एवं विद्यालय के निदेशक रजनीश जी की पूज्य दादी जी थीं की तृतीय पुण्यतिथि के अवसर पर विद्यालय परिसर में एक सादा एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने दिवंगत पुण्यात्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक रजनीश जी ने भावुक शब्दों में कहा कि विद्यालय अपने पूर्वजों, विशेषकर दादा-दादी एवं माता जी के आशीर्वाद और संस्कारों की नींव पर निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि इसी आशीर्वाद के कारण यह शिक्षण संस्थान क्षेत्र के बच्चों के जीवन में ज्ञान का दीप प्रज्ज्वलित कर रहा है।
विद्यालय के शैक्षणिक प्रशासक एवं जिले के सुप्रसिद्ध शिक्षाविद राम प्रवेश पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज और परिवार की ज्येष्ठ पीढ़ी अपने बहुमूल्य अनुभव, विचार, संस्कार एवं आशीर्वाद से वर्तमान पीढ़ी का मार्गदर्शन करती रही है। हम उनके स्नेह, त्याग, समर्पण और आदर्शों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। विद्यालय के प्राचार्य ए के पाण्डेय ने अपने प्रेषित श्रद्धांजलि संदेश में दिवंगत आत्मा के प्रति अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि परिवार और समाज को दिशा देने वाली महान विभूतियाँ अपने संस्कारों के माध्यम से सदैव जीवित रहती हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के उपप्राचार्य राकेश रौशन, स्नातकोत्तर शिक्षक अलख सिंह, आशीष, संजीत शर्मा, आर्ची कुमारी, रिया कुमारी, अंजली कुमारी, सिमरन कुमारी, लेखापाल अहसान अली, विद्यालय के सभी वाहन चालक, उप चालक, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारीगण एवं परिवार के सदस्य उपस्थित थे। श्रद्धा, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों से ओत-प्रोत यह आयोजन अत्यंत गरिमामय एवं भावनात्मक वातावरण में सम्पन्न हुआ।




