Kalki 2898 AD Sequel: शूटिंग डेट पर लगा विराम खत्म! दीपिका के बाहर होने पर नाग अश्विन ने तोड़ी चुप्पी

Kalki 2898 AD Sequel Update: कल्कि 2898 एडी का सीक्वल इन दिनों चर्चा में बना हुआ है। अब फिल्म के निर्देशक नाग अश्विन ने इस बहुप्रतीक्षित सीक्वल को लेकर एक अहम जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि दूसरे भाग की शूटिंग आने वाले कुछ महीनों में शुरू होने की संभावना है।
कल्कि 2 पर नाग अश्विन ने क्या कहा?
सिंग गीथम के प्रमोशन इवेंट के दौरान नाग अश्विन ने कल्कि के दूसरे भाग पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “अगस्त या सितंबर तक हम नियमित शूटिंग शुरू कर सकते हैं… फिलहाल यही स्थिति है। उम्मीद है कि हम लगातार काम करेंगे और अधिकांश शूटिंग निपटा लेंगे। ज्यादातर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और स्क्रिप्ट भी तैयार है। इसलिए काम काफी तेज रफ्तार से आगे बढ़ेगा।”
आलिया भट्ट की कास्टिंग पर अश्विन ने तोड़ी चुप्पी
निर्देशक नाग अश्विन ने फिल्म में आलिया भट्ट की एंट्री को लेकर चल रही अटकलों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने साफ किया कि अभी कुछ भी आधिकारिक नहीं है और जब कोई निर्णय होगा तो उसे सार्वजनिक रूप से घोषित किया जाएगा। अश्विन ने कहा, “कल्कि 2 में सुमति का किरदार कौन निभाएगा, इसकी घोषणा हमें करनी है। अभी जो भी है वो सब केवल अफवाहें हैं। यह किरदार फिल्म का अभिन्न हिस्सा है और इसे हटाया नहीं जा सकता, क्योंकि कहानी में इसकी भूमिका बेहद अहम है।”
दीपिका पादुकोण हो चुकी हैं सीक्वल से बाहर
सितंबर 2025 में फिल्म की निर्माण टीम ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक पोस्ट साझा की, जिसमें बताया गया कि दीपिका पादुकोण अब इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं रहेंगी। टीम ने कहा कि इस स्तर की फिल्म के लिए पूर्ण समर्पण की जरूरत होती है। उनके बयान में लिखा था, “हम आधिकारिक रूप से यह घोषणा करते हैं कि दीपिका पादुकोण कल्कि 2898 एडी के सीक्वल में नजर नहीं आएंगी। काफी विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया। पहली फिल्म की लंबी और चुनौतीपूर्ण यात्रा के बावजूद हमें वैसा साझेदार नहीं मिल सका जो इस प्रोजेक्ट के प्रति पूरी तरह समर्पित हो। कल्कि 2898 एडी जैसी फिल्म के लिए असाधारण प्रतिबद्धता की आवश्यकता होती है।”


