Jharkhand Politics: मॉनसून सत्र से पहले झारखंड विधानसभा में सर्वदलीय बैठक


रांची : झारखंड विधानसभा के षष्ठम (मॉनसून) सत्र की तैयारियों को लेकर बुधवार को विधानसभा स्थित स्पीकर कक्ष में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में 06 अगस्त 2026 से शुरू होने वाले मॉनसून सत्र के सफल, सुचारू और गरिमापूर्ण संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सदन की कार्यवाही को लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप संचालित करने पर सहमति बनी।
बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मॉनसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सकारात्मक वातावरण में संचालित कराने के लिए सहयोग देने का आग्रह किया गया।
सर्वदलीय बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो, निर्मल महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
06 अगस्त से शुरू होने वाला झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र राज्य के विभिन्न जनहित और विकास से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ सरकार के विधायी कार्यों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


