झारखंड में फिल्म इंस्टीट्यूट की स्थापना की दिशा में बड़ा कदम, JFDC और SRFTI के बीच हुआ MoU

झारखंड सरकार ने फिल्म एवं टेलीविजन शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए JFDC और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) के बीच MoU कराया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में हुए इस समझौते के तहत रांची में आधुनिक फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान स्थापित किया जाएगा।

रांची: झारखंड में फिल्म एवं टेलीविजन शिक्षा को नई दिशा देने की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFDC) और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) के बीच झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम का आयोजन प्रोजेक्ट भवन सभागार में हुआ।

इस समझौते के तहत राज्य में आधुनिक सुविधाओं से लैस फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान विकसित किया जाएगा। संस्थान में अभिनय, निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी, संपादन, पटकथा लेखन, साउंड, एनीमेशन और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। SRFTI पाठ्यक्रम तैयार करने, विशेषज्ञ फैकल्टी उपलब्ध कराने और तकनीकी मार्गदर्शन में सहयोग करेगा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान राज्य के लिए एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि रांची में आधुनिक बुनियादी ढांचे, अत्याधुनिक तकनीक और अनुभवी शिक्षकों से सुसज्जित स्थायी परिसर विकसित किया जाएगा। इससे राज्य के युवाओं को फिल्म शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और स्थानीय प्रतिभाओं को अपने राज्य में ही बेहतर अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से झारखंड के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्म शिक्षा मिलेगी। साथ ही मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला एवं लोक संस्कृति को देश-दुनिया में नई पहचान मिलेगी।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने भी इस पहल को राज्य के रचनात्मक उद्योग के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान झारखंड के युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन में अहम भूमिका निभाएगा।

स्थानीय फिल्म निर्देशक बीजू टोप्पो ने झारखंड सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य में फिल्म संस्थान की स्थापना लंबे समय से कलाकारों की मांग रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे स्थानीय कलाकारों, फिल्म निर्माताओं और तकनीशियनों को प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे तथा झारखंड का फिल्म उद्योग नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर और फिल्म निर्देशक बीजू टोप्पो ने इस पहल को लेकर अपने विचार भी साझा किए।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More