झारखंड पीजीटी परीक्षा में साहिबगंज के मुकेश कुमार का चयन, जिले के बने एकमात्र सफल अभ्यर्थी

साहिबगंज: झारखंड पीजीटी शिक्षक भर्ती परीक्षा में मनोविज्ञान विषय से साहिबगंज जिले के एकमात्र अभ्यर्थी के रूप में चयनित होकर मुकेश कुमार ने जिले का नाम रोशन किया है। जयप्रकाश नगर, सकरुगढ़ निवासी मुकेश कुमार के चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
मॉडल कॉलेज, राजमहल के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने मुकेश कुमार को अपने आवास पर सम्मानित करते हुए मिठाई खिलाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मुकेश की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समय प्रबंधन, धैर्य और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है।
डॉ. सिंह ने विश्वास जताया कि मुकेश एक कुशल और प्रेरणादायी शिक्षक बनकर विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बनाए रखने की अपील भी की।
मुकेश कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता मीना देवी, परिवार, शिक्षकों तथा विशेष रूप से डॉ. रणजीत कुमार सिंह के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित पुस्तकालय में अध्ययन, समय प्रबंधन, निरंतर अभ्यास और साथियों के साथ विषयों पर चर्चा उनकी सफलता की प्रमुख वजह रही।
उन्होंने झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का भी आभार व्यक्त किया। मुकेश की इस उपलब्धि पर शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।


