ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में गूंजा झारखंड का मुद्दा, संत जेवियर्स कॉलेज के प्राचार्य ने प्रस्तुत किया शोध पत्र

संत जेवियर्स कॉलेज, रांची के प्राचार्य डॉ. फ़ादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के हैरिस मैनचेस्टर कॉलेज में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में झारखंड के जादुगोड़ा यूरेनियम खदान और झरिया कोयला क्षेत्र में खनन से होने वाले विस्थापन और उसके मानवीय प्रभावों पर शोध पत्र प्रस्तुत किया।

रांची: संत जेवियर्स कॉलेज, रांची के प्राचार्य डॉ. फ़ादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे ने हैरिस मैनचेस्टर कॉलेज, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी (यूके) में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में भाग लिया।

उन्होंने “Shaping the Future: Innovation, Technology & Business in a Changing World” विषय पर 20, 21 एवं 22 जुलाई 2026 को आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में झारखंड के जादुगोड़ा यूरेनियम खदान और झरिया कोयला क्षेत्रों पर आधारित विकास के मानवीय मूल्य तथा विस्थापन के प्रभावों पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया।

यह शोध खनन (माइनिंग) के कारण होने वाले विस्थापन से जुड़े गंभीर सामाजिक और मानवीय मुद्दों को उजागर करता है। यह विशेष रूप से भारत के खनिज-संपन्न क्षेत्रों जादुगोड़ा और झरिया में रहने वाले लोगों पर खनन के सामाजिक-आर्थिक प्रभावों तथा उससे होने वाली मानवीय क्षति पर केंद्रित है।

शोध में बताया गया है कि खनन के कारण लोगों को अपने घर और जमीन छोड़नी पड़ती है, जिससे उनके जीवन, रोजगार, आय, स्वास्थ्य और सामाजिक स्थिति पर गहरा नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। जादुगोड़ा और झरिया जैसे क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं और उनके संघर्षों का इसमें विस्तार से अध्ययन किया गया है।

इस प्रस्तुति पर सतत विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े समकालीन मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए ऑक्सफोर्ड में एकत्रित विश्वभर के विद्वानों, शिक्षाविदों एवं शोधकर्ताओं के बीच सार्थक और ज्ञानवर्धक चर्चा हुई। कार्यक्रम का संचालन प्रतिष्ठित शिक्षाविद् ब्रायन माउंटफोर्ड (Brian Mountford) और एफ. किंग अलेक्जेंडर (F. King Alexander) ने किया।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More