Jamshedpur News: लक्ष्मीनारायण मंदिर में चैती छठ की धूम, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ समापन

जमशेदपुर: केबुल टाउन स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में बने तालाब में दर्जनों चैती छठव्रतियों ने सूर्यदेव को अर्घ्य देकर विश्व कल्याण की कामना की। छठव्रतियों ने इस तालाब में खड़े होकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया। छठ के मौके पर मंदिर की शानदार सजावट की गई थी। छठ के गीत भी बजाए गए। छठव्रतियों को किसी किस्म की दिक्कत न हो, इसका खास ध्यान रखा गया।
मंगलवार को विधायक सरयू राय मंदिर परिसर में पहुंचे और पूजा में शामिल हुए। उन्होंने सेवा कार्य में लगे लोगों की हौसला अफजाई की। छठव्रतियों और उनके परिजनों से भी उन्होंने बात की। मंगलवार को छठव्रतियों के साथ आए लोगों के लिए चाय-कॉफी की व्यवस्था मंदिर प्रबंधन की तरफ से की गई थी। बुधवार की सुबह चाय, कॉफी और पकौड़ी की व्यवस्था की गई थी। छठव्रतियों और परिजनों ने इस प्रयास की खूब सराहना की। दोनों दिन साकेत गौतम, असीम पाठक, गोल्डन पांडेय, अशोक कुमार, राकेश उज्जैन, अभय सिंह आदि ने छठव्रतियों की सेवा की।


