साहिबगंज को पूर्वी भारत का व्यापारिक गेटवे बनाने की जरूरत: राजेश अग्रवाल

साहिबगंज: झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल एक अगस्त को जमशेदपुर में आयोजित होने वाली संगोष्ठी में शामिल होंगे। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के संयुक्त तत्वावधान में बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में आयोजित इस संगोष्ठी का विषय “झारखंड में अवसर एवं चुनौतियां” रखा गया है।
राजेश अग्रवाल इस मंच पर साहिबगंज क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि वे साहिबगंज की गंगा नदी आधारित व्यापार-लॉजिस्टिक्स, पर्यटन विकास, खनिज आधारित उद्योग और स्थानीय उद्यमियों की चुनौतियों पर विशेष फोकस करेंगे।
अग्रवाल ने कहा कि साहिबगंज की भौगोलिक स्थिति इसे पूर्वी भारत का व्यापारिक गेटवे बना सकती है। गंगा नदी के कारण यहां जलमार्ग के माध्यम से व्यापार और लॉजिस्टिक्स के बड़े अवसर हैं। साथ ही खनिज संसाधनों और पर्यटन की अपार संभावनाएं भी मौजूद हैं।
इस अवसर पर वे झारखंड सरकार से साहिबगंज में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने, मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स हब और पर्यटन कॉरिडोर विकसित करने का आग्रह भी करेंगे। उनका मानना है कि इन कदमों से न केवल साहिबगंज बल्कि पूरे संताल परगना क्षेत्र में रोजगार और निवेश के नए द्वार खुलेंगे।


