साहिबगंज के ऋषव का राष्ट्रीय मंच पर चयन, विकसित भारत कार्यक्रम के लिए शिमला रवाना

साहिबगंज के सकरूगढ़ निवासी छात्र ऋषव कुमार सिंह का चयन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित "विकसित भारत-वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम 2026" के लिए हुआ है। झारखंड से चयनित 15 प्रतिभागियों में शामिल ऋषव संताल परगना प्रमंडल के एकमात्र प्रतिनिधि हैं।

साहिबगंज: जिले के लिए गर्व का क्षण आया है। सकरूगढ़ निवासी छात्र ऋषव कुमार सिंह भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित “विकसित भारत–वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम (VVVP) 2026” में भाग लेने के लिए आज अहले सुबह इंटरसिटी एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां से वे शिमला, हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना होंगे।

इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए ऋषव का चयन कठिन प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षा के बाद हुआ है। पूरे झारखंड राज्य से केवल 15 प्रतिभागियों का चयन किया गया है। संताल परगना प्रमंडल से चयनित होने वाले ऋषव एकमात्र प्रतिभागी हैं। ऋषव स्वर्गीय राज कुमार सिंह के पुत्र हैं। उनके पिता दुमका स्थित आई.जी.पी. कार्यालय में पूर्व गोपनीय रीडर थे। ऋषव का परिवार पुरानी एस.पी. कोठी के समीप, सकरूगढ़, साहिबगंज में रहता है।

मॉडल कॉलेज राजमहल के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रणजीत कुमार सिंह ने ऋषव को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा, परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का परिणाम है। मुझे विश्वास है कि ऋषव इस कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर साहिबगंज, संताल परगना एवं झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।

प्राचार्य डॉक्टर रणजीत सिंह ने बताया कि विकसित भारत–वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इससे प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को नई दिशा मिलेगी।

ऋषव के शिमला प्रस्थान पर महाविद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी और सफल सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दीं। जब सिस्टम की खबरें निराश करती हैं, तब ऋषव जैसे युवा उम्मीद जगाते हैं। ऋषव का राष्ट्रीय मंच पर जाना बताता है कि साहिबगंज में टैलेंट की कमी नहीं, बस मौके की जरूरत है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More