साहिबगंज के मयंक चौधरी ने IIT-JEE 2026 में AIR 680 हासिल कर रचा इतिहास

साहिबगंज: छोटे शहर से बड़े सपने देखने वालों के लिए मिसाल बन गए हैं पुरानी साहिबगंज के मयंक चौधरी। राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित IIT-JEE परीक्षा 2026 में मयंक ने अपने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 680 हासिल कर पूरे जिले को गर्व से भर दिया है।
पुरानी साहिबगंज निवासी मनोज चौधरी एवं कंचन देवी के पुत्र मयंक बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं। पिता मनोज चौधरी पेशे से इंजीनियर हैं, जिनसे मयंक को हमेशा प्रेरणा मिली। मयंक ने 10वीं की परीक्षा हैदराबाद स्थित भारती विद्या स्कूल से पास की और 12वीं गाजियाबाद से पूरी की। कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के दम पर मयंक ने यह मुकाम हासिल किया।
मयंक के चाचा मिथिलेश चौधरी ने बताया कि मयंक शुरू से ही पढ़ाई के प्रति समर्पित रहा है। उसे अपने पिता से काफी मोटिवेशन मिला। पहले ही प्रयास में AIR 680 लाना बड़ी बात है।मयंक की इस उपलब्धि पर उनके मित्र, शिक्षक और पड़ोसी सहित कई गणमान्य लोगों ने परिवार को बधाई दी है।
मयंक की सफलता ने साबित कर दिया कि छोटे शहरों से भी बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं। उनकी यह उपलब्धि साहिबगंज के सैकड़ों छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। मयंक ने दिखा दिया कि मेहनत, सही गाइडेंस और फोकस हो तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं।


