रामगढ़ सदर अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में अचानक हुआ एसी ब्लास्ट, मरीजों में मची अफरा-तफरी

रामगढ़ सदर अस्पताल में गुरुवार देर रात ऑपरेशन थिएटर के एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण ब्लास्ट हो गया, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मरीजों और उनके परिजनों ने सुरक्षित स्थानों की ओर भागना शुरू कर दिया। अस्पताल कर्मियों और अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।

रामगढ़: रामगढ़ सदर अस्पताल में शॉर्ट सर्किट की वजह से गुरुवार देर रात आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने मरीजों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए अस्पताल परिसर से बाहर निकलने लगे।

जानकारी के अनुसार, सदर अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में शॉर्ट सर्किट की वजह से एक एयर कंडीशनर (एसी) ब्लास्ट हो गया। इसके बाद ऑपरेशन थिएटर में आग और धुआं फैलने लगा, जिससे अस्पताल परिसर में मौजूद लोग घबरा गए। आनन-फानन में अस्पताल कर्मियों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।

सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने शुक्रवार को बताया कि ऑपरेशन थिएटर में गर्मी के कारण एसी लगातार चल रहा था। इसी दौरान एसी अधिक गर्म होने से उसके अंदर शॉर्ट सर्किट हो गया। उन्होंने कहा कि राहत की बात यह रही कि आग ऑपरेशन थिएटर से बाहर नहीं फैली और समय रहते उस पर काबू पा लिया गया।

उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल में चार अन्य ऑपरेशन थिएटर भी हैं, जहां मरीजों का ऑपरेशन सामान्य रूप से जारी है। फिलहाल जिस ऑपरेशन थिएटर में आग लगी थी, उसे अस्थायी रूप से नॉन-फंक्शनल रखा गया है। कमरे की वायरिंग और अन्य तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही उसे दोबारा शुरू किया जाएगा।

सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि इस घटना से सदर अस्पताल की चिकित्सीय सेवाएं प्रभावित नहीं हुई हैं।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More