भाजपा के खिलाफ महागठबंधन के लिए झामुमो से हेमंत का निर्णय अंतिम निर्णय : शिबू

दुमका : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन ने कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ मजबूत महागठबंधन बनाने के मसले पर गैर भाजपा विपक्षी दलों से बातचीत के लिए पार्टी ने कार्यवाहक अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अधिकृत किया है। श्री सोरेन ने दुमका दौरे के क्रम में अपने आवास पर मीडियाकर्मियों के साथ बातचीत में कहा कि भाजपा के खिलाफ राज्य में मजबूत गठबंधन बनाने के लिए पार्टी द्वारा कार्यवाहक अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन को अधिकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन इस मसले पर विपक्षी दलों से बातचीत कर पार्टी की केन्द्रीय कमेटी के समक्ष रखेंगे।

इसके बाद कोई निर्णय लिया जायेगा। झामुमो अध्यक्ष ने भाजपा नीत राज्य की रघुवर दास सरकार के कार्यों पर अप्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार के कार्यों से आम जनता खुश नहीं है। सरकार की नीति और कार्यों से आमलोगों की परेशानी बढ़ गयी है। सरकार जनकांक्षाओं को साकार करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि अगले चुनाव में केन्द्र और राज्य से भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए पार्टी द्वारा तैयारी शुरू कर दी गयी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी चुनाव में उनकी पार्टी की पूर्ण बहुमत की मजबूत सरकार बनेगी। श्री सोरेन ने उनके लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर स्पष्ट किया कि दुमका उनकी कर्मभूमि रही है। उन्होंने दुमका छोड़कर अन्य क्षेत्र से चुनाव लड़ने की अटकलों को सिरे से खारिज किया।

इस मौके पर झामुमो के केन्द्रीय महासचिव विजय कुमार सिंह ने भाजपा सांसद निशिकांत दूबे द्वारा महागठबंधन के मसले पर झामुमो के संबंध में हाल में दिये गये बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के खिलाफ झारखंड सहित देश में बन रहे माहौल से भाजपा के नेता घबरा गये हैं और सरकार के खिलाफ बनने वाले महागठबंधन के मसले पर लोगों को दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन, समस्याओं से त्रस्त जनता को भटकाने का भाजपा का प्रयास कभी सफल नहीं होगा। श्री सिंह ने कहा कि झामुमो राज्य की गरीब आदिवासी, दलित, पिछड़ा और मूलवासियों के हक और अधिकार के साथ जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है।

वहीं, भाजपा नीत सरकार ने पिछले चार साल के दौरान जनता की आकांक्षाओं के विपरीत यहां के जंगल को उजाड़ने और जमीन को लूटा है। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव में भाजपा को विपक्ष की चुनौतियों को समाना करना पड़ रहा है। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव का परिणाम देश की दिशा और दशा तय करेगा। श्री सोरेन ने इसके बाद अपने दुमका संसदीय क्षेत्र के भूलकांदर और भालपहाड़ी रामपुर तथा जामा विधानसभा क्षेत्र के सिमरा पंचायत के कुरूमटांड़ गांव में आयोजित विभिन्न खेल कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इस मौके पर झामुमो के केन्द्रीय कमेटी के महासचिव के साथ जिलाध्यक्ष सुभाष सिंह, जिला सचिव शिव कुमार बास्की सहित पार्टी के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More