रांची : झारखंड में नकारात्मक सोच के साथ झामुमो सत्ता पाने की जुगत में लगा हुआ है, लेकिन ये सपना कभी पूरा नहीं होने जा रहा है। जनता इनकी नीति व नियत दोनों ही परख चुकी है। उक्त बातें मंगलवार को भाजपा के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान कही।
श्री प्रकाश ने कहा कि झामुमो कैसा बदलाव चाहता है ? क्या यह बदलाव परिवारवाद, वंशवाद को बढ़ाने के लिए है ? क्या राज्य को अस्थिर करने केलिए है ? क्या भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए ? क्या जल जंगल जमीन को लूटने के लिए ? वोट बैंक और तुष्टिकरण के लिए ? क्या राज्य के शहीदों को अपमानित करने के लिए ? क्या लोकतंत्र के मंदिर संसद व विधानसभा को अपमानित करने के लिए ? क्या खोखले वायदों के लिए ? आखिर क्यों ? किस कारण से जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन बदलाव चाहते हैं ? इसे साफ करना चाहिए। कहा कि जेएमएम को बदलाव ही करना है, तो परिवार कि पार्टी से जनता की पार्टी बनकर दल में बदलाव करें।
दीपक प्रकाश ने कहा कि अब जनता ही नहीं झामुमो के कार्यकर्ता भी हेमंत सोरेन के नीतियों को भांप चुके हैं। विधान सभा चुनाव में दुमका से हेमंत सोरेन को व लोकसभा चुनाव में गुरुजी की जनता सबक सीखा चुकी है। गुरुजी के साथ आंदोलन में भाग लेने वाले कार्यकर्ता मौजूदा समय में जेएमएम से हतास निराश हैं। श्री प्रकाश ने कहा कि राज्य की जनता डबल इंजन की सरकार से खुश है। जनता ने 2014 में ही स्थिरता और विकास के लिए भाजपा को समर्थन किया। भाजपा सरकार तीव्र विकास के लिए कृत संकल्पित है।
आईपीएम रौब से उबर नहीं रही कांग्रेस: अजय कुमार के बाद दोबारा आईपीएस डाॅ रामेश्वर उंराव को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के मामले पर दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस अभी तक आईपीएस रौब से उबर नहीं पाई है। कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को प्रदेश नेतृत्व पर भरोसा नहीं है, इसी कारण जंबोजेट कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। ये कांग्रेस की संस्कृति को परिभाषित करता है।