Sahebganj News: स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप: आधी रात को अस्पतालों के औचक निरीक्षण पर निकले सिविल सर्जन

साहिबगंज के सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने जिले के विभिन्न अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया, जहां कई डॉक्टर और कर्मी ड्यूटी से नदारद मिले। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि मरीजों की सुविधा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

साहिबगंज: बुधवार-गुरुवार की देर रात सिविल सर्जन डॉक्टर रामदेव पासवान के औचक निरीक्षण से जिले के स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। उन्होंने सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी और एएम केंद्रों का रात्रि में निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान तालझारी सीएचसी में कोई भी चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित नहीं मिला। पतना, फूलभंगा, बोरियो एवं बांझी स्वास्थ्य केंद्रों में मुख्य गेट बंद पाए गए और कई कर्मी ड्यूटी के दौरान सोते हुए मिले। बरहरवा सीएचसी में चिकित्सक अनुपस्थित थे, जबकि बरहेट में अतिरिक्त वाहनों की पार्किंग पर सिविल सर्जन ने नाराजगी जताई। कुछ जगहों पर एएनएम बिना ड्रेस कोड के ड्यूटी  करती मिलीं।

वहीं, राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल, उधवा सीएचसी और सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं अपेक्षाकृत बेहतर पाई गईं। सदर अस्पताल में इमरजेंसी सेवा, मॉड्यूलर ओटी एवं एसएनसीयू का निरीक्षण कर सिविल सर्जन ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सी-सेक्शन की तैयारी चल रही थी और भर्ती नवजातों के इलाज की जानकारी भी ली गई। सिविल सर्जन ने बताया कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को 24×7 बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा साफ-सफाई एवं मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जांच करना था। 

डॉ. रामदेव पासवान ने स्पष्ट कहा कि मरीज हित से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को रोस्टर के अनुसार ड्यूटी करने तथा ईमानदारीपूर्वक सेवाएं देने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी नियमित औचक निरीक्षण जारी रहेगा और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण में तालझारी, राजमहल, उधवा, बरहरवा, पतना, बरहेट, बोरियो, बांझी, फूलभंगा, सदर ब्लॉक सीएचसी और सदर अस्पताल समेत कई संस्थानों को शामिल किया गया।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More