स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 57 स्वास्थ्य उप केंद्रों का होगा निर्माण : उपायुक्त

हजारीबाग: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए 57 नए स्वास्थ्य उप केंद्रों का निर्माण कराया जाएगा। इस संबंध में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने मंगलवार को वेबिनार के माध्यम से सभी अंचलाधिकारियों एवं संबंधित अंचल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि सभी अंचलाधिकारी अपने क्षेत्र में विवाद रहित सरकारी भूमि की पहचान सुनिश्चित करें और संबंधित प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर अविलंब भूमि प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के उद्देश्य से स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पूर्व में पीएम-अभीम एवं 15वें वित्त से निर्मित स्वास्थ्य अधोसंरचना की नियमित जांच रिपोर्ट सीओ एवं बीडीओ की ओर से भेजी जाए, ताकि उनकी क्रियाशीलता सुनिश्चित हो सके।

उपायुक्त ने सख्त लहजे में कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य  24 घंटे सातों दिन होना चाहिए, जिसमें चिकित्सक, दवा एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता अनिवार्य है। यदि रात का समय में चिकित्सकों की अनुपस्थिति पाई जाती है, तो विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि कई गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों के पास इलाज के लिए पर्याप्त आर्थिक संसाधन उपलब्ध नहीं होते, जबकि राज्य सरकार की ओर से ऐसे लोगों के लिए आयुष्मान योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने सभी राशन कार्ड धारियों का आधार सीडिंग एवं ई-केवाईसी कराने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सीएस और एमओआईसी को इस कार्य में गति लाने के लिए टारगेट मोड में कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही, जिला योजना पदाधिकारी और सिविल सर्जन को इस कार्य की निगरानी कर प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का आदेश दिया।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More