Hazaribagh News: शिबू सोरेन के निधन पर झामुमो हजारीबाग जिला कमिटी की ओर से दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
-1024x614.jpeg)
हजारीबाग: झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक, झारखंडी अस्मिता और जन-आंदोलन के पुरोधा दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से राँची लाया गया जहाँ हजारों लोगों ने नम आंखों से विदाई दी। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार रामगढ़ जिले के नेमरा गाँव में राजकीय सम्मान के साथ सम्पन्न हुआ।
झारखंड के इतिहास में दिशोम गुरु का योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने जल, जंगल, जमीन और जनजातीय अधिकारों की लड़ाई को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। उनका संघर्ष ही झारखंड अलग राज्य की नींव बना।
झारखंड मुक्ति मोर्चा हजारीबाग जिला कमिटी जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया के नेतृत्व में राँची पहुँचा और दिशोम गुरु को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसमें जिला समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा,बुद्धिजीवी मंच , किसान मोर्चा एवं प्रखंड स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल थे, जिन्होंने अंतिम दर्शन कर उन्हें भावभीनी विदाई दी।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा दिशोम गुरु केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि झारखंड के सामाजिक चेतना के प्रतीक थे। उन्होंने हमें संघर्ष की राह दिखाई, अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की ताकत दी और आत्मसम्मान से जीने की प्रेरणा दी। उनका संपूर्ण जीवन आदिवासी, मूलवासी और वंचित समाज के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। उनका जाना झारखंड की आत्मा को गहरा आघात है। झामुमो हजारीबाग जिला कमिटी उनके विचारों और संघर्षों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं जिला प्रवक्ता कुणाल यादव ने भी अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दिशोम गुरु झारखंड की माटी की खुशबू थे। उन्होंने हमें सिखाया कि आंदोलन केवल नारों से नहीं, जनसंघर्ष से चलता है। हम उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा हजारीबाग जिला कमिटी दिवंगत दिशोम गुरु को कोटिशः नमन करती है और उनके परिवार व समस्त राज्यवासियों के प्रति संवेदना व्यक्त करती है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलने की शक्ति प्रदान करें।


