Hazaribagh News: रामनवमी जुलूस बना खूनी मैदान मामूली विवाद में अधेड़ की चाकू मारकर हत्या

हजारीबाग: गदोखर इलाके में रामनवमी की रात उस वक्त मातम में बदल गई, जब आस्था और उत्साह से भरा जुलूस अचानक हिंसा की चपेट में आ गया। रात करीब 12:30 बजे डीजे की धुन पर चल रहे जुलूस में एक छोटा सा विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। घटना ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है और लोगों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि जुलूस के दौरान करन यादव डीजे पर चढ़कर नाच रहा था।
उसी दौरान रामकुमार साव ने उसे डीजे से नीचे उतरने और संयम बरतने को कहा। यह बात करन यादव को इतनी नागवार गुजरी कि उसने गुस्से में आकर रामकुमार साव पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और खतरनाक था कि रामकुमार साव को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी करन यादव मौके से फरार हो गया और सीधे अपने घर पहुंचा। जांच में खुलासा हुआ कि उसके इस अपराध में उसके करीबी दोस्त नीतेश कुमार यादव उर्फ छोटा डॉन और उसके पिता अरुण यादव ने भी साथ दिया। तीनों ने मिलकर आरोपी को भगाने और हत्या में इस्तेमाल हथियार को छिपाने की कोशिश की, जिससे मामला और गंभीर हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। पेलावल थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार छापेमारी अभियान चलाते हुए तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर मुख्य आरोपी करन कुमार यादव और उसके साथी नीतेश कुमार यादव को कंडसार रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। वहीं तीसरे आरोपी को छड़वा डैम काली मंदिर के पास से दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अरुण यादव के घर की छत पर लगे कैमरे के पास से खून से सना भुजाली बरामद किया। इस हथियार को विधिवत जब्त कर लिया गया है और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का मानना है कि यही वह हथियार है जिससे हत्या को अंजाम दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में शाहिद राजा, वेद प्रकाश पांडे, निशांत कर्केटा, शिवम गुप्ता, उपेंद्र सिंह, श्यामजीत, संजय खालको, रविंद्र कुमार और तकनीकी शाखा की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाने के लिए पुख्ता सबूत जुटाए जा रहे हैं।
फिलहाल घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है, लेकिन पुलिस ने हालात को नियंत्रण में बताते हुए अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक छोटे-छोटे विवाद इतनी बड़ी हिंसा का रूप लेते रहेंगे।


