Hazaribagh News: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में पर्यटन एवं खेल विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित

हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में पर्यटन एवं खेल विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नवसृजित एवं संचालित आवासीय एवं डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्रों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के खिलाड़ियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रशिक्षुओं की संख्या, तीरंदाजी प्रशिक्षण की गुणवत्ता, हॉकी (बालक एवं बालिका) डे-बोर्डिंग की स्थिति, खेलो इंडिया योजना, आवासीय बालिका एथलेटिक्स प्रशिक्षण एवं बैडमिंटन खेल के विकास की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार हेतु सुझाव मांगे।
उपायुक्त ने सभी खेल मैदानों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं जैसे शौचालय, प्रकाश व्यवस्था आदि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने स्विमिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो एवं वॉलीबॉल जैसे खेलों के विकास हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि इन खेलों को भी जिले में प्रोत्साहित किया जा सके। बैठक में बहुउद्देशीय खेल केंद्र (मल्टीपरपज इंडोर स्पोर्ट्स सेंटर) के निर्माण का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के इंडोर खेलों की सुविधा उपलब्ध होगी। उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी को इस आशय का प्रस्ताव खेल, पर्यटन, कला-संस्कृति विभाग को भेजने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने डे-बोर्डिंग केंद्रों का पुनः भ्रमण कर उनकी आवश्यकताओं का आकलन करने को कहा। साथ ही हॉकी टर्फ निर्माण के प्रस्ताव पर संबंधित स्थल का निरीक्षण कर निर्णय लेने की बात कही। पर्यटन विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिले के पर्यटक स्थलों को आकर्षक एवं सुलभ बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि पर्यटकों के लिए छायादार स्थान, पेयजल, स्वच्छता आदि मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं।
बरकट्ठा क्षेत्र के प्रसिद्ध सूरजकुंड के रख-रखाव की जिम्मेदारी जिला परिषद को सौंपने का निर्देश दिया गया। वहीं, हजारीबाग झील परिसर स्थित एम्फी थियेटर के संचालन की जिम्मेदारी भी जिला परिषद को देने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने हजारीबाग झील, जगन्नाथ धाम (सिलवार) एवं चम्पेश्वरी मंदिर (इचाक) जैसे प्रमुख स्थलों को पर्यटन के रूप में विकसित करने हेतु पर्यटन विभाग को तैयार प्राक्कलन भेजने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त, झील में संचालित फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के अधिष्ठापन हेतु निर्णय लेते हुए उसकी निविदा प्रक्रिया का प्रारूप तैयार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बरकट्ठा प्रखंड स्थित सूरजकुंड के 2 किलोमीटर क्षेत्र को “नो बोरिंग जोन” घोषित करने का भी आदेश दिया गया,साथ ही उक्त क्षेत्र में पानी की सप्लाई हेतु चेक डैम निर्माण का निर्णय लिया गया।बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।


