Hazaribagh News: थाना दिवस में पहुंचे भूमि विवाद के मामले, पुलिस-प्रशासन ने कराया आपसी समाधान

हजारीबाग : पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर शनिवार को जिले के विभिन्न थानों में साप्ताहिक थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान संबंधित अंचलाधिकारी (सीओ) की उपस्थिति में आम लोगों की समस्याएं सुनी गईं तथा कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।
साप्ताहिक थाना दिवस का आयोजन कटकमसांडी, कटकमदाग, केरेडारी, मुफस्सिल, बरही, कोर्रा, उरीमारी, दारू, ईचाक, टाटीझरिया, गिद्दी एवं चलकुशा थाना परिसर में किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी तथा संबंधित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से लोगों की शिकायतें सुनीं।
थाना दिवस में सबसे अधिक भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, कोर्ट परिवाद, आपसी लड़ाई-झगड़ा तथा अन्य स्थानीय विवादों से जुड़े मामले पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बातें गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का आपसी सहमति से समाधान कराया, जबकि कुछ जटिल मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाने और संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि छोटे-छोटे विवादों को बढ़ाने के बजाय थाना दिवस जैसे मंच का लाभ उठाकर आपसी बातचीत और कानून के दायरे में उनका समाधान करें। उन्होंने कहा कि भूमि एवं पारिवारिक विवादों का समय पर निपटारा होने से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के साथ-साथ अनावश्यक मुकदमों और तनाव की स्थिति से भी बचा जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देशानुसार आयोजित इस पहल का उद्देश्य आम जनता को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना, पुलिस और प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत करना तथा विवादों का शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में प्रभावी कदम बताया।


