Hazaribagh News: संत कोलंबस कॉलेज में सात दिवसीय स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान का सफल समापन
-1024x614.jpeg)
हजारीबाग: संत कोलंबस महाविद्यालय के छात्रावास परिसर में आयोजित “सात दिवसीय स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान” आज संपन्न हो गया। समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विनोबा भावे विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. विकास कुमार रहे। विशेष अतिथि के रूप में विभावि के शोधकर्ता मो. फजल तथा अशोक कुमार पीटीआई उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. विकास कुमार का पौधा भेंट कर स्वागत के साथ हुई। अपने संबोधन में डॉ. कुमार ने कहा कि प्रकृति के साथ तालमेल रखकर ही हमारा भविष्य सुरक्षित रह सकता है। छात्रावास परिसर में मौजूद पुराने वृक्ष सबसे अधिक कार्बन उत्सर्जन सोखने का काम कर रहे हैं। घास भी पर्यावरण के लिए उतनी ही उपयोगी है। उन्होंने युवाओं से सवाल किया कि आने वाली पीढ़ी के लिए हम क्या विरासत छोड़कर जाएंगे। उन्होंने स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए वृक्षारोपण कार्य को निरंतर जारी रखने की प्रेरणा दी।
शोधार्थी मो. फजल ने कहा कि इस सप्ताह भर चले स्वच्छता अभियान के बाद पूरा परिसर अब स्वच्छ, सुंदर और हरियाली से भर गया है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि स्वच्छता को वे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लें।
छात्रावास टीम लीडर सचिन जायसवाल के नेतृत्व में सभी विद्यार्थियों ने सामूहिक श्रमदान किया और प्रांगण को साफ-सुथरा बनाया। इस पावन अवसर पर छात्रावास अधीक्षक डॉ. राजकुमार चौबे ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए छात्रों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि “युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है”। यदि युवा श्रमदान, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का अंग बना लें और उसी के अनुरूप जीवनशैली अपनाएं, तो इसके बहुत सार्थक और सकारात्मक परिणाम समाज को मिलेंगे।
कार्यक्रम के अंत में छात्रावास परिसर में दो पौधे रोपित कर अभियान का विधिवत समापन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से अमन कुमार, आकाश कुमार, अनुज कुमार, रितेश यादव , सूरज यादव, अमलेश उरांव, तथा अन्य विद्यार्थियों ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।


