Hazaribagh News: सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने ली दस्तावेज नवीनों की सुध, उपायुक्त हेमंत सती से की बात

हजारीबाग: दस्तावेज नवीन संघ की हड़ताल गुरुवार को नौवें दिन भी जारी रही। हड़ताल के बीच सदर विधायक प्रदीप प्रसाद सबसे पहले दस्तावेज नवीन संघ के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और मांगों की जानकारी ली।
संघ के सदस्यों ने विधायक को बताया कि निबंधन कार्य को लेकर चार प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद ही हड़ताल समाप्त की जाएगी। संघ की मांग है कि हजारीबाग में भी झारखंड के अन्य जिलों की तरह निबंधन प्रक्रिया लागू की जाए। इसमें खतियान की छायाप्रति के आधार पर निबंधन, जनप्रतिनिधियों द्वारा सत्यापित वंशावली को स्वीकार करना, पूर्व में निबंधित दस्तावेजों का रजिस्टर-टू के आधार पर दोबारा निबंधन करना तथा एलपीसी की अनिवार्यता समाप्त करना शामिल है।
दस्तावेज नवीन संघ के सदस्यों से बातचीत करने के बाद विधायक प्रदीप प्रसाद रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने प्रभारी रजिस्टर प्रेम कुमार से संघ की मांगों और निबंधन कार्य में आ रही परेशानियों को लेकर बातचीत की। इसके बाद विधायक ने प्रभारी रजिस्टर प्रेम कुमार के सामने ही दूरभाष के माध्यम से हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती से चारों बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी और निबंधन प्रक्रिया को सुचारू कराने का आग्रह किया। उपायुक्त हेमंत सती ने विधायक को बताया कि झारखंड सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों को देखा जाएगा। दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करते हुए व्यवस्था लागू की जाएगी।
इधर, दस्तावेज नवीन संघ ने स्पष्ट कर दिया है कि चारों मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने के बाद ही हड़ताल समाप्त की जाएगी। संघ का कहना है कि जब तक निबंधन प्रक्रिया को लेकर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस संबंध में प्रभारी रजिस्टर प्रेम कुमार ने बताया कि विभागीय निर्देश के अनुसार शहरी क्षेत्र की जमीन के लिए जियो-टैग की मांग की गई है तथा एलपीसी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि आगे उपायुक्त की ओर से जो आदेश प्राप्त होगा, उसके अनुसार निबंधन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
मौके पर दस्तावेज नवीन संघ के अध्यक्ष आशुतोष प्रसाद, सचिव सुधीर प्रसाद सिंह, कोषाध्यक्ष दीपक कुमार सिन्हा, उपाध्यक्ष रंजन सहाय, कार्यकारिणी सदस्य धीरज नाथ राय, संजीत कुमार सिंह, मोहन साहू, बद्री प्रसाद, अक्षय कुमार बख्शी, मीडिया प्रभारी प्रदीप पाठक, विद्या भूषण, दिनेश प्रसाद सिन्हा समेत संघ के कई सदस्य मौजूद थे।


